खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, लगी आग तीन मौत
कोंडागांव
शादी से लौटते समय जैतपुरी-लंजोड़ा के बीच नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार तड़के 4.30 बजे एक बाइक सड़क पर खराब होकर खड़ी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकरा और बाइक में आग लग जाने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गई।
नेशनल हाईवे 30 पर शनिवार तडके 4.30 बजे कोंडागांव की ओर से रायपुर की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल सडक पर खराब होकर खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल में तुरंत आग लग गई जिसकी चपेट में आ जाने के कारण मोटरसाइकिल सवार मनीष कोर्राम (26) पिता जगनाथ निवासी आलोर, डीएवी स्कूल देवखरगांव में चपरासी, श्रवण मरकाम (18) पिता गंगाराम निवासी आलोर किसान तथा रोहित कोर्राम (22) पिता दुर्जन निवासी आलोर किसान की मौत हो गई है।
मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली कोंडागांव पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक विकासखंड फरसगांव अंतर्गत आलोर गांव के रहने वाले थे और शामपुर के एक शादी समारोह से अपने घर आलोर लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में जंगल के पास सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली दिखाई नहीं देने के कारण बाइक पूरी स्पीड से ट्रॉली से टकरा गई, जिस कारण मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

पाठको की राय